देहरादून: रोजगार मेला—81 कंपनियां, 1285 उम्मीदवारों ने दिया साक्षात्कार
राज्य के पॉलीटेक्निक में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा, छात्रों को मिले रोजगार के नए अवसर
देहरादून, 02 अप्रैल 2026: उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला में भव्य रोजगार मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी।

रोजगार मेलों में युवाओं के लिए अवसर
कार्यक्रम में 81 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। लगभग 1600 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट मिला था और इस वर्ष लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।
मंत्री सुबोध उनियाल का संदेश
मुख्य अतिथि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी उन्नति राष्ट्र की प्रगति के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग के युग में युवाओं को निरंतर स्वयं को अपडेट करना होगा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के पॉलीटेक्निक हाईटेक संसाधनों, आधुनिक प्रयोगशालाओं और उन्नत शैक्षणिक व्यवस्थाओं से लैस किए जा रहे हैं।
विधायक विनोद चमोली का संदेश
अध्यक्ष ने कहा कि रोजगार मेलों से कुशल युवाओं को सहजता से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ ही विदेशों में भी रोजगार के द्वार खोले जा रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विभागीय अधिकारी एवं अन्य उपस्थितगण
इस अवसर पर सचिवालय के संयुक्त सचिव विक्रम यादव, उप सचिव ब्योमकेशन दुबे, अनुभाग अधिकारी चन्द्र शेखर उपाध्याय, उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव डॉ. मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एमके कन्याल, संस्था के प्रधानाचार्य अवनीश जैन सहित विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


