देहरादून: विधवा, असहाय और बेसहारा के सहारा बने डीएम सविन बंसल
डीएम सविन बंसल ने असहाय विधवा परवीन का बैंक ऋण माफ कर बच्चों और नातिन की शिक्षा सुनिश्चित की
देहरादून। जिला प्रशासन ने असहाय विधवा क्षमा परवीन को बड़ी राहत प्रदान की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर उनका बकाया ऋण वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) के माध्यम से निस्तारित किया गया। बैंक से नो ड्यूज प्रमाण पत्र और एनओसी जारी कराई गई। सेटलमेंट के उपरांत शेष 33 हजार रुपये की राशि भी जिला प्रशासन द्वारा बैंक को जमा करवाई गई।
क्षमा परवीन ने 28 मार्च 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में अपनी बड़ी बेटी के विवाह हेतु डीसीबी बैंक से सवा लाख रुपये का ऋण लिया था। उसी वर्ष उनके पति का निधन हो गया, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया। इसके बाद वर्ष 2020 में कोविड-19 के दौरान उनकी बड़ी विवाहित बेटी का भी निधन हो गया। लगातार विपरीत परिस्थितियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह शेष ऋण चुकाने में असमर्थ रहीं।
जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 1 बेटी खो चुकी, 1 नन्ही नातिन और 3 अविवाहित बेटियों की असहाय विधवा क्षमा परवीन का बैंक ऋण वन टाइम सेटलमेंट करवा, एनओसी और नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करवाए।
छोटी बेटी फैजा की शिक्षा को “नंदा-सुनंदा” प्रोजेक्ट से पुनर्जीवित किया गया और 27 हजार रुपये की स्कूल फीस जमा करवाई गई। नन्ही नातिन आयरा को आरटीई के तहत नजदीकी प्राइवेट स्कूल में दाखिला दिलाया गया और मौके पर आय प्रमाण पत्र जारी किया गया।
वर्तमान में क्षमा परवीन पर 3 अविवाहित बेटियों और 5 वर्षीय नातिन के भरण-पोषण की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने उनकी सहायता के लिए तुरंत कदम उठाते हुए बच्चों की शिक्षा और परिवार की वित्तीय समस्याओं का समाधान किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन जरूरतमंद और असहाय नागरिकों के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर राहत प्रदान करता रहेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


