देहरादून: मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा तैयारियों की समीक्षा की, विभागों और डीएम को दिए सख्त निर्देश
यात्रा मार्गों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, जाम से बचाव, स्वास्थ्य जांच और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
देहरादून, 08 अप्रैल 2026। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित विभागों तथा जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन, आपदा प्रबंधन समेत कई विभागों से तैयारियों की अद्यतन जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को यात्रा मार्गों पर संभावित जाम वाले स्थलों और स्लाइडिंग जोन को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम या भूस्खलन जैसी स्थितियों में यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए बड़े होल्डिंग एरिया चिन्हित किए जाएं, जहां रुकने और भोजन की समुचित व्यवस्था हो। साथ ही यात्रियों को ट्रैफिक और मौसम की जानकारी वॉकी-टॉकी, एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यात्रा पंजीकरण के दौरान श्रद्धालुओं से ‘सचेत ऐप’ अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के मैसेजिंग अलर्ट सिस्टम का उपयोग कर यात्रा मार्गों में यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और आपात स्थिति में हेली सेवाओं के माध्यम से रेस्क्यू की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पर्यटन विभाग को चारधाम यात्रा मार्गों पर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने, स्थान चिन्हित कर योजना तैयार करने और मार्गों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग को चारों धामों में चिकित्सकों की तैनाती की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में चिकित्सकों की 15-15 दिन के रोटेशन पर तैनाती की जाएगी। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य करने और विभिन्न स्थानों पर स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए गए। ट्रेकिंग रूट्स पर आपातकालीन दवाओं और जांच उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले सभी मोटर मार्ग यात्रा शुरू होने से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डेंजर और स्लाइडिंग जोन चिन्हित कर वहां मशीनें और उपकरण उपलब्ध रखने तथा मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में विद्युत विभाग को बद्रीनाथ धाम में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने और चारों धामों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केदारनाथ धाम में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था रखने को भी कहा गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति, जीएमवीएन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और नागरिक उड्डयन विभाग को शटल सेवा के लिए एसओपी जल्द जारी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सूचना विभाग को चारधाम यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। वहीं परिवहन विभाग को वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड समय से जारी करने तथा आपूर्ति विभाग को यात्रा मार्गों पर रसोई गैस, कैरोसीन, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपक सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, धीराज गर्ब्याल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


