देहरादून: B.Tech छात्र की बेरहमी से हत्या, 15 युवकों ने किया हमला, तीन आरोपी दबोचे गए
पुरानी रंजिश ने लिया जानलेवा रूप
– प्रेमनगर के केहरी गांव में मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया
15 से ज्यादा युवकों ने किया हमला
– लाठी-डंडे और फावड़े से छात्र पर जानलेवा हमला
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
– तीन आरोपी हिरासत में
घटना का वीडियो भी हुआ सामने
– इलाके में हड़कंप, शव जल्द पहुंचेगा मुजफ्फरनगर
प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
– सुरक्षा बढ़ाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर अंतर्गत केहरी गांव में एक खौफनाक घटना ने शहर को हिला कर रख दिया। निजी शिक्षण संस्थान में बीटेक कर रहे मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु जटराणा (22) की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह हमला छात्रों के दो गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश और कॉलेज वर्चस्व संघर्ष का नतीजा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला।
पुरानी रंजिश ने लिया जानलेवा रूप
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र दिव्यांशु और उसके कुछ दोस्तों ने ‘बावा की रसोई’ में खाना खाने का फैसला किया। लेकिन पहले से वहां मौजूद छात्र गुट ने उनसे तकरार शुरू कर दी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडों और फावड़े का इस्तेमाल किया गया। स्थानीय लोग बताते हैं कि हमले की अचानक और बेरहम गति ने किसी को भी कुछ समझने का मौका नहीं दिया।
15 से ज्यादा युवकों ने किया जानलेवा हमला
दिव्यांशु के दोस्तों ने बताया कि झगड़े में शामिल छात्रों ने पहले से साज़िश कर रखी थी। आरोपियों में आर्यन शर्मा, शिवम शर्मा, मधुर, अंकुर, प्रह्यलादराज शान्तनू, उज्जवल, आकाश, वैभव मिश्रा, ऋतिक राजपुत, अकुर सिंह, वैभव शर्मा, अंकित भारद्वाज, युवराज चौहान, आदित्य राज और अन्य अज्ञात छात्र शामिल थे। उन्होंने दिव्यांशु पर लाठी-डंडे और फावड़े से जानलेवा हमला किया।
घटना के बाद स्थानीय लोग घायल छात्र को तुरंत प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने सरकारी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों में कुछ युवक दिव्यांशु के साथ एक ही विवि में पढ़ते थे। उन्होंने अन्य साथियों के साथ वर्चस्व को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल तीन छात्रों युवराज कुमार (BBA सेकेंड ईयर), मधुर खंडेलवाल (B.Tech थर्ड ईयर) और शिवम शर्मा (B.Tech थर्ड ईयर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपी प्रेमनगर में किराए पर रह रहे थे।
दिव्यांशु के चाचा गौरव राणा की शिकायत पर पुलिस ने कुल 15 छात्रों के खिलाफ हत्या, दंगा और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में लगी हुई है और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
घटना का वीडियो हुआ सामने, इलाके में हड़कंप
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी। दिव्यांशु का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है और जल्द ही यह मुजफ्फरनगर उसके घर पहुंच जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा।
प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों गुटों के युवक एक ही निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने मौके पर तुरंत कार्रवाई की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है और निगरानी कड़ी कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


