देहरादून: एलपीजी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एफआईआर दर्ज
छापेमारी में 6 सिलेंडर समेत रिफिलिंग उपकरण जब्त, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई
देहरादून, 18 अप्रैल 2026। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग स्थित आनंदी हाउस के पास एक मकान में अवैध गैस रिफिलिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम ने पुलिस के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से 19 किलोग्राम के 2 गैस सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 4 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक हैंगिंग वेटिंग मशीन और रिफिलिंग उपकरण बरामद कर जब्त किए गए। मौके पर शिवम पुत्र मुकेश को अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया।
जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस मामले में थाना प्रेमनगर में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग जैसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। विभाग के अनुसार, आज जिले में लगभग 13,913 घरेलू और 1,005 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


