देहरादून: 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा, 2026-27 के लिए एक महीने में तय होंगे लक्ष्य
एक महीने में तय होंगे जनपदवार लक्ष्य, ईको टूरिज्म और मासिक समीक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
देहरादून, 24 अप्रैल 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में “25 बिंदु कार्यक्रम 2025-26” की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी जनपदों की प्रगति पर विस्तृत जानकारी लेते हुए वर्ष 2026-27 के लिए जल्द लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अगले एक महीने के भीतर जनपदवार लक्ष्य तय कर पोर्टल पर अपडेट करें। उन्होंने कहा कि हर जिले की अपनी अलग चुनौतियां होती हैं, इसलिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार फोकस एरिया तय कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सचिव, विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी मिलकर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करें। सभी इंडिकेटर्स के वार्षिक लक्ष्य तय करने के साथ-साथ मासिक लक्ष्य भी निर्धारित किए जाएं, ताकि प्रगति की नियमित समीक्षा हो सके। मुख्य सचिव ने कहा कि इस कार्यक्रम की समीक्षा हर माह की जाएगी।
वन विभाग से जुड़े लक्ष्यों को सभी जनपदों में लागू करने पर जोर देते हुए उन्होंने देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। साथ ही जिन जिलों में अभी ईको टूरिज्म योजनाएं नहीं हैं, उन्हें भी इसमें शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गवर्नेंस और न्याय व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी काफी संभावनाएं हैं, जिन पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


