देहरादून: 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग का ₹31,657 पानी का बिल माफ, डीएम के जनता दर्शन में मौके पर न्याय
वन टाइम सेटलमेंट, श्रम विवाद निस्तारण, शिक्षा एवं सरकारी नहर समस्याओं का समयबद्ध समाधान; 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त

देहरादून, 06 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी सविन बसंल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज कार्यक्रम में 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अपनी कोर टीम के साथ मिलकर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
छबीलबाग कांवली रोड के 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने अपने 31657 रुपये के पानी के बिल की माफी की गुहार लगाई। डीएम ने जल संस्थान को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वन टाइम सेटलमेंट के तहत 11487 रुपये ब्याज माफ, और शेष 20170 रुपये रायफल फंड से जिला प्रशासन के खाते में जमा कराए गए।
विकासनगर निवासी मीना बंसल ने अपने पुत्र की 2023 में डिक्शन होटल में दुर्घटना में मृत्यु के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की। डीएम ने एफआईआर दर्ज कराने और लेबर कोर्ट में मामला दर्ज करते हुए 02 माह के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए।
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग दंपति नीलम अरोड़ा और उनके पति ने अपने घर में रहने वाली पुत्रवधु द्वारा होने वाली मारपीट, प्रताड़ना और धमकी की शिकायत की। डीएम ने इस मामले में एसडीएम कोर्ट ऋषिकेश में वाद भरणपोषण एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने अपनी दो पुत्रियों की शिक्षा-दीक्षा और पालन-पोषण में समस्या बताते हुए डीएम से मदद मांगी। इसके बाद डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के तहत शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि उनकी भूमि से लगती सरकारी नहर को कुछ व्यक्तियों ने बंद कर दिया है, जिससे फसल को नुकसान हो रहा है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और अधि.अभि लघु सिंचाई को तत्काल कार्यवाही और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्टेªट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजित सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


