कांग्रेस हमेशा राष्ट्रहित से ज्यादा तुष्टिकरण और वोट बैंक को प्राथमिकता देती है: धामी

कांग्रेस ने पिछली बार मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात की थी,अब कांग्रेस के लोग आज मुस्लिम पर्सनल लॉ लाने की बात कर रहे हैं: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने बागेश्वर में जनसभा को किया संबोधित
Bageshwar News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनरल बी.सी जोशी स्टेडियम, दुगनाकुरी, बागेश्वर में भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार में सर्वाधिक विकास ग्रामीण क्षेत्रों का हुआ। गांव के अंतिम छोर में रह रहे व्यक्ति को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा को प्रधानमंत्री मोदी को पूरे देश की चिंता है, जबकि कांग्रेस को हमेशा ही अपने परिवार की चिंता रही है। वह आज भी अपने ही परिवार की चिंता में लगी है। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों से अपील की है कि वह लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस का खाता तक नहीं खोलने दें। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। तुष्टीकरण व देश को बांटने के अलावा उसने कुछ नहीं किया। आज उनका घोषणा पत्र को देखकर लगता है, जैसे वह मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र हो।
केंद्र सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया है। आज देश के सैनिकों के हाथों को मजबूत करने का काम किया है। महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। आज कठोर और कठिन फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में सभी के लिए एक कानून बनाने का काम किया है। देवभूमि में यूसीसी को बनाने का काम किया है। नकल विरोधी कानून बनाया है। अब मेहनत करने वाले छात्र छात्राओं को उनका अधिकार मिल रहा है। 100 से अधिक नकल माफिया आज जेल भेजे गए हैं। पिछले 22 सालों का रिकार्ड तोड़ते हुए एक साल में ही हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। लैंड जेहाद को खत्म करने का काम किया है। देवभूमि को देवभूमि बनाए रखने का काम किया है। अवैध मजारों को हटाने का काम किया है। दंगारोधी कानून को लाकर दंगा करने वालों को ही अब जेल में भराने का काम किया है। 21वीं सदी उत्तराखंड का होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान भी विपक्ष के लोगों ने टीका टिप्पणी की है। कांग्रेस हमेशा राष्ट्रहित से ज्यादा तुष्टिकरण और वोटबैंक को प्राथमिकता देती आयी है। कांग्रेस ने पिछली बार मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात की थी। कांग्रेस के लोग आज मुस्लिम पर्सनल लॉ लाने की बात कर रहे हैं। ये कांग्रेस से ज्यादा मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र लगता है। जब पूरा देश अयोध्या में भव्य राममंदिर की प्राणप्रतिष्ठा का उत्सव मना रहा था, तब कांग्रेस राम मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा पर सवाल उठा रही थी। कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को भी नकारने का काम किया है। कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए कोर्ट में प्रभु श्रीराम को काल्पनिक बताया था। उन्होंने कहा उत्तराखंड वीरों की भूमि है, सेना के शौर्य और बलिदान की भूमि है। लेकिन राजनीति में अंधी कांग्रेस का चरित्र इस कदर गिर चुका है कि वो सर्जिकल स्ट्राइक और सेना के शौर्य पर भी सवाल उठा देती है। कांग्रेस में हर कोई अपने परिवार को आगे बढ़ाने में लगा है कोई केंद्र में पीएम इन वेटिंग है तो राज्य में कोई सीएम इन वेटिंग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कपकोट एवं यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं अपार विकास की संभावनाओं से भरा हुआ है। यह क्षेत्र सांस्कृतिक विरासत के साथ वीरों की भूमि है। इस क्षेत्र से कई युवा अपनी सेवाएं देश की रक्षा के लिए दे रहें हैं। उन्होंने कहा हम सभी प्रधानमंत्री जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और अजय टम्टा जी को पुनः सांसद बनाने आए हैं। उन्होंने कहा अजय टम्टा जी बोलने से ज्यादा काम करने में विश्वास करते हैं। अजय टम्टा जी के सहयोग से 172 टावर में से 72 टावर कपकोट विधानसभा में लगाए गए। कपकोट से देवाल को जोड़ने वाली सड़क को मंजूरी मिल गई है। सिमली ग्वालदम से जौलजीबी को जाने वाली सड़क भी बागेश्वर से होते हुए जाने वाली है
मुख्यमंत्री ने सभी मतदाताओं से आग्रह करते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए, विकसित भारत के लिए, भ्रष्टाचार के अंत के लिए भाजपा को चुने। उन्होंने कहा अजय टम्टा को विजयी बनाकर नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने में अपना योगदान देना है।
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा, वरिष्ट भाजपा नेता शिव सिंह बिष्ट, विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देवी, जिला अध्यक्ष भाजपा इंद्र सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
बागेश्वर से गोविंद मेहता की रिपोर्ट



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें