टिहरी गढ़वाल: सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 के समापन में पहुंचे सीएम धामी, युवाओं के साहस और संकल्प की सराहना

टिहरी गढ़वाल। गढ़वाल विश्वविद्यालय चौरास परिसर में आयोजित सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। यह आयोजन भारतीय सेना और उत्तराखंड पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
113 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साहसिक प्रतियोगिता में भारतीय सेना के 100 जवानों सहित लगभग 200 ट्रैकर्स ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने केदार-बद्री ट्रेल पर हेलंग से कलगोट, कलगोट से मंडल होते हुए उखीमठ तक 113 किलोमीटर की कठिन यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया।
आध्यात्मिक और साहसिक यात्रा का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम सहित पंच केदार को जोड़ने वाले ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मार्ग की यात्रा भी की। उन्होंने भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि सेना न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित कर राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
युवाओं में बढ़ेगा आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति
सीएम धामी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बढ़ रहा साहसिक पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा आत्मविश्वास से परिपूर्ण हो रहा है और सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमावर्ती गांवों के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, जिससे साहसिक पर्यटन को भी नई गति मिल रही है।
उत्तराखंड बना एडवेंचर टूरिज्म का हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि औली की बर्फीली ढलानों से लेकर ऋषिकेश की गंगा और टिहरी झील तक उत्तराखंड का हर क्षेत्र साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। राज्य सरकार एंगलिंग, राफ्टिंग, कयाकिंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग, साइक्लिंग और माउंटेनियरिंग जैसी गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा दे रही है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य और आयोजन क्रम
इस मौके पर गढ़वाल स्काउट के मेजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना और पारंपरिक यात्रा मार्गों को पर्यटन से जोड़ना है। 16 अप्रैल को बद्रीनाथ में एक्सपो के साथ शुरू हुई यह प्रतियोगिता 19 अप्रैल को उखीमठ में अंतिम चरण के साथ संपन्न हुई।
इन गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक विनोद कंडारी, लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


