चारधाम यात्रा का आगाज़, गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, सीएम धामी मौजूद
अक्षय तृतीया पर विधि-विधान से खुले कपाट, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था, सुरक्षित व सुव्यवस्थित यात्रा के पुख्ता इंतजाम

देहरादून/उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। दोनों धामों में पहली पूजा नरेन्द्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई।
कपाटोद्घाटन के अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के सफल संचालन की कामना की। उन्होंने मां गंगा के मंदिर में विधिवत पूजा कर देव डोली से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर कपाट खोले गए। वहीं मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची और धार्मिक विधि-विधान के साथ 12 बजकर 35 मिनट पर कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और इन दिव्य धामों के दर्शन की इच्छा हर श्रद्धालु के मन में होती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक सुरक्षित, सुखद और अविस्मरणीय यात्रा अनुभव प्राप्त हो। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से ‘ग्रीन और क्लीन’ चारधाम यात्रा के लिए सहयोग करने और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


