नैनीताल: स्कूल टाइमिंग में बदलाव, इन इलाकों में 27 अप्रैल तक स्कूल बंद—जानिए पूरी डिटेल
गर्मी से राहत के लिए बदला स्कूल टाइम, वन्यजीव खतरे के चलते कई गांवों में दो दिन का अवकाश घोषित
नैनीताल, 24 अप्रैल 2026। जिले में एक ओर भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। इन दोनों परिस्थितियों को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव के साथ-साथ कई स्थानों पर अस्थायी अवकाश भी घोषित किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए 15 मई तक स्कूलों की समय सारणी में बदलाव के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे और विद्यालय संचालन सुबह 7:00 बजे से शुरू करने को कहा गया है। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के साथ हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक के स्कूलों में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, दूसरी ओर जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने भीमताल विकासखंड के कई गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष और आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता की आशंका को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ज्योली, भदयूनी, दोगड़ा, डोलमार, सूर्याजाला, मोरा, ज्योलीकोट, सूर्यागांव, गांजा, रानीबाग, दो गांव, आलूखेत, बल्यूटी, हैडी, सोनगोठ, काठगोदाम, बेल और नाईसेला सहित कई गांवों के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 अप्रैल (शनिवार) और 27 अप्रैल (सोमवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी बच्चे को स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र नहीं बुलाया जाएगा। साथ ही वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश की जानकारी अभिभावकों तक समय पर पहुंचे और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


