Champawat News: टनकपुर दशहरा महोत्सव में आस्था-संस्कृति का संगम, सीएम धामी ने किया प्रतिभाग
टनकपुर दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया प्रतिभाग
टनकपुर में छोलिया नृत्य से हुआ स्वागत, सीएम धामी ने विकास परियोजनाओं और आदर्श चम्पावत के विजन पर रखी बात
टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चम्पावत जिले के टनकपुर पहुंचे। टनकपुर आगमन पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से टनकपुर में आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही माहौल उत्साह, आस्था और उल्लास से भर गया। पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ स्थानीय लोगों और नवयुवक रामलीला कमेटी ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। इस दौरान बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित भक्ति संगीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे भगवान, सागर में नैया डार देई’ भी सुना। बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देवभूमि की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में दिव्य होता है। भगवान की कृपा वहां अवश्य होती है, जहां भागवत विराजमान होती है और श्रद्धा के साथ कथा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि और मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और बढ़ जाता है। धार्मिक परंपराएं और उत्सव समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के निरंतर समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ने और भारत के विकसित राष्ट्र बनने की कामना की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास के साथ संस्कृति, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी संकल्प के तहत आदर्श चम्पावत में विकास की अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
उन्होंने कहा कि टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर, मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य जिले को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर करीब 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ बेहतर सड़क, परिवहन, पर्यटन, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। इन प्रयासों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत का संकल्प जिले के समग्र विकास का संकल्प है। सरकार का प्रयास है कि चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर ऐसा विकास मॉडल तैयार किया जाए, जिसमें विकास के साथ विरासत भी संरक्षित रहे और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, दायित्वधारी हेमा जोशी, दायित्वधारी किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, अध्यक्ष नगर मंडल चम्पावत सुनील पुनेठा, कथा व्यास देवी दिव्यांशी किशोरी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


