चम्पावत: कीवी उत्पादन बनेगा आय का नया आधार, किसानों को मिला उन्नत प्रशिक्षण
मुडियानी पौधालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण, 70% अनुदान के साथ कीवी बागवानी को बढ़ावा
चम्पावत, 20 मार्च 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कृषि एवं आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने के संकल्प के तहत जनपद चम्पावत में उद्यानिकी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। राजकीय पौधालय मुडियानी में “आदर्श चम्पावत” की परिकल्पना को साकार करते हुए किसानों के लिए कीवी उत्पादन एवं बागवानी प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली ने की। इसमें प्रगतिशील किसानों, उद्यान प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने किसानों को कीवी की उन्नत किस्मों, पौध उत्पादन तकनीक, रोपण विधि, पोषण प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा विपणन की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कीवी उत्पादन को आय का मजबूत स्रोत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कीवी नीति–2025 के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में जनपद में 5 हेक्टेयर क्षेत्र में कीवी बागानों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत किसानों को 70 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जबकि 30 प्रतिशत कृषक अंश रहेगा।
योजना के अंतर्गत 2 नाली (0.04 हेक्टेयर) से लेकर 50 नाली (1 हेक्टेयर) तक की बागवानी पर अनुदान मिलेगा। 50 नाली से अधिक क्षेत्र में बागवानी करने पर 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। यह योजना “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर लागू की जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली ने बताया कि चम्पावत की जलवायु कीवी उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल है और यह फसल भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन सकती है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्देश दिए कि कीवी उत्पादन को जनआंदोलन के रूप में विकसित किया जाए और हर वर्ष नए किसानों को इससे जोड़ा जाए, ताकि किसानों की आय में स्थायी वृद्धि हो और चम्पावत “आदर्श जनपद” की दिशा में आगे बढ़ सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


