Champawat News: घाट-पनार हादसे में एक की मौत, चार घायल; मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, ₹4 लाख की सहायता
चंपावत के घाट-पनार मार्ग पर बोल्डर गिरने से एक की मौत
घाट-पनार मार्ग पर वाहन के ऊपर गिरा बोल्डर, एसडीएम लोहाघाट को जांच अधिकारी बनाया; 15 दिन में मांगी विस्तृत जांच आख्या
चंपावत, 7 सितंबर 2026। चंपावत जिले के एनएच-309ए घाट-पनार मार्ग पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाट के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसे में वाहन में सवार टिमटा, तहसील गंगोलीहाट निवासी संदीप कुमार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
वाहन पर अचानक गिरा बोल्डर
घाट-पनार हादसा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चंपावत की एटीआर और तहसीलदार बाराकोट से प्राप्त सूचना के अनुसार, सोमवार 7 सितंबर को पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे एनएच-309ए घाट-पनार रोड पर वाहन संख्या UK-05-TA-2878 के ऊपर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया। बोल्डर की चपेट में आने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में संदीप कुमार की मौके पर/हादसे में मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

15 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के लिए उप जिलाधिकारी लोहाघाट को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच करने तथा 15 दिन के भीतर विस्तृत जांच आख्या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता
जिला प्रशासन की ओर से मृतक संदीप कुमार के शोक संतप्त परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने आपदा राहत नीति के मानकों के तहत मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


