चंपावत: सीएम पुष्कर सिंह धामी का शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम, 9 सरकारी स्कूलों को मिली अपनी भूमि
पाटी और टनकपुर क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों को भूमि हस्तांतरण से स्कूल परिसरों में बुनियादी सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ
पाटी क्षेत्र के 3 और टनकपुर के 6 राजकीय विद्यालयों को भूमि हस्तांतरण, शिक्षा ढांचे को मिलेगा मजबूती
चंपावत । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राजकीय विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जनपद चम्पावत की तहसील पाटी के अंतर्गत तीन राजकीय विद्यालयों के परिसरों के लिए राज्य सरकार की भूमि को ‘विद्यालयी शिक्षा विभाग’ के नाम हस्तांतरित करने की ऐतिहासिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
शासन द्वारा जारी आदेशों के तहत राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परेवा को 0.100 हेक्टेयर भूमि, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आमलिंग (परेवा) को 0.060 हेक्टेयर भूमि और ग्राम चौड़ापिता स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय गागरी को 0.020 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यह संपूर्ण हस्तांतरण लोक प्रयोजन के दृष्टिगत किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन के इस निर्णय से स्थानीय ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। अब इन विद्यालयों के परिसरों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों और खेल मैदानों जैसी सुविधाओं का निर्माण सुगमता से हो सकेगा।
टनकपुर के 6 सरकारी विद्यालयों को मिला भूमि का मालिकाना हक
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्यरत है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जनपद चम्पावत की तहसील पूर्णागिरी (टनकपुर) के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 6 राजकीय विद्यालयों के परिसरों के लिए राज्य सरकार की भूमि को ‘विद्यालयी शिक्षा विभाग’ के नाम हस्तांतरित करने की महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह निर्णय उन विद्यालयों के लिए संजीवनी साबित होगा जो लंबे समय से भूमि अभिलेखों में नाम दर्ज न होने के कारण प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, टनकपुर क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नायकखेड़ा को 0.0632 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय टनकपुर (वार्ड नं. 3) को 0.018 हेक्टेयर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपकरिया को 0.0408 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरमदेव को 0.252 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय छीनीगोठ को 0.0948 हेक्टेयर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय टनकपुर (वार्ड नं. 10) को 0.0613 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यह समस्त भूमि ‘विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन’ को हस्तांतरित की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन के इस प्रयास से क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में व्यापक सुधार आएगा और आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य मिलेगा। विद्यालयों में विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


