चम्पावत: सीएम पुष्कर सिंह धामी की बड़ी सौगात, वनराजी क्षेत्र के 5 सुदूर गांवों में पहुंची बिजली
सीमांत इलाकों के 100 से अधिक परिवारों के घरों में जला उजाला, शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार को मिलेगा नया बल
चम्पावत, 19 अप्रैल 2026: जनपद के सुदूरवर्ती वनराजी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 688/2024 के अंतर्गत पांच गांवों—बांडा, शेरा, लोडियालसेरा, पिपलियालसेरा और खिरद्वारी—में विद्युतीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 1 करोड़ 66 हजार रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत 13 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन बिछाई गई तथा 5 ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और भारत-नेपाल सीमा से सटे इन गांवों की चुनौतियों के बावजूद विद्युत विभाग ने महज डेढ़ माह में कार्य पूरा कर 100 से अधिक परिवारों तक बिजली पहुंचाने का काम किया है। जहां पहले रात्रि में अंधकार रहता था, वहां अब उजाले ने दस्तक दी है।
बिजली पहुंचने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है। बच्चों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिलेगा, स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार व लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए इसे उनके जीवन में “नई रोशनी” लाने वाला कदम बताया। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्देश दिए हैं कि सभी लाभार्थियों को शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं और क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


