नैनीताल: भीषण अग्निकांड में ब्रिटिशकालीन भवन जलकर खाक, त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
नैनीताल के मल्लीताल स्थित ग्लेनमोर क्षेत्र में भीषण आग, ब्रिटिशकालीन भवन जलकर खाक
Nainital News- नैनीताल के सात नंबर क्षेत्र स्थित बोरा व्यू प्वाइंट के पास ग्लेनमोर कम्पाउंड, मल्लीताल में रविवार को एक पुरानी ब्रिटिशकालीन लकड़ी की बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा भवन धू-धू कर जलने लगा और ऐतिहासिक निर्माण कुछ ही समय में राख में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय भवन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आसपास के लोगों ने बाल्टियों और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया तथा तत्काल दमकल विभाग और प्रशासन को सूचना दी। आग की ऊंची लपटों से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एहतियातन लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
1969 से रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, भवन के एक हिस्से में वर्ष 1969 से अनिल तिवारी तथा दूसरे हिस्से में 1982 से चंद्रशेखर जोशी का परिवार रह रहा था। अनिल तिवारी ने बताया कि वे हाल ही में अपने बेटे के पास गुरुग्राम गए हुए थे। रविवार को जब वे नैनीताल लौटे तो घर से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। भवन के मुख्य स्वामी देवी दत्त जोशी बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में बाहर रह रहे हैं।
सूचना मिलते ही SDRF टीम रवाना
दिनांक 01/03/2026 को आपदा कंट्रोल रूम, नैनीताल से सूचना मिलते ही पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि घटना के समय भवन खाली था और किसी के फंसे होने की सूचना नहीं थी। भवन के अंदर केवल घरेलू सामान रखा हुआ था।
संयुक्त प्रयास से आग पर पाया गया काबू
घटनास्थल पर फायर सर्विस, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। सभी विभागों के त्वरित एवं प्रभावी प्रयासों से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया और स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में आ गई।
कारणों की जांच जारी
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


