बिंदुखत्ता की बेटी प्रिया गोस्वामी ने चांसलर गोल्ड मेडल जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया
पंतनगर विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल सम्मान, प्रिया वर्तमान में NIT दिल्ली से एम.टेक कर रही हैं
नैनीताल। पंतनगर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का मान देश में बढ़ाते हुए, बी.टेक (सूचना प्रौद्योगिकी) की मेधावी छात्रा प्रिया गोस्वामी को 37वें दीक्षांत समारोह में चांसलर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि कुलाधिपति राज्यपाल ले.ज. गुरदीप सिंह ने उन्हें मेडल प्रदान किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट और कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान भी उपस्थित रहे। नैनीताल जिले के इंद्रानगर-द्वितीय, बिंदुखत्ता की निवासी प्रिया ने पूरे अध्ययन काल में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए।
प्रिया वर्तमान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से एम.टेक कर रही हैं और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। उनकी माता गीता गोस्वामी, जो अध्यापिका हैं, ने मार्गदर्शन और प्रेरणा के जरिए सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि पिता राजेन्द्र नाथ, सेना में सेवारत, ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
भविष्य में साइंटिस्ट बनने का जज्बा रखने वाली प्रिया की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार और क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


