पीएम मोदी के उत्तराखंड आगमन से पहले दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात—दूध के दाम बढ़े, नियुक्तियों को मिली मंजूरी
पीएम दौरे से पहले दुग्ध संघ का बड़ा निर्णय—15 अप्रैल से लागू होंगी नई दरें, संगठनात्मक ढांचे को भी मिली मजबूती
लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन, लालकुआं में आयोजित बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 अप्रैल से दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी, जिससे हजारों दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से मूल्य वृद्धि की मांग कर रहे दुग्ध उत्पादकों में इस निर्णय के बाद खुशी की लहर दौड़ गई।
बैठक में यह भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि दुग्ध संघों की सेवा नियमावली का अनुमोदन किया गया है, जिससे लगभग 20 वर्षों से लंबित नियुक्तियों का रास्ता अब साफ हो गया है। इसे दुग्ध संघों के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड आगमन से पूर्व ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं दुग्ध उत्पादकों को राहत देने के उद्देश्य से प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ सदैव दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई दरों से उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा तथा सेवा नियमावली के लागू होने से संघ की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और मजबूती आएगी।
बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी मुकेश नेगी ने सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा से वार्ता कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ द्वारा योजनाओं को सही ढंग से लागू किया जा रहा है, जिसके लिए संस्था प्रशंसा की पात्र है।
बैठक में दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, संघ की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने, कर्मचारियों से जुड़े विषयों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान निर्णय से दुग्ध उत्पादकों में उत्साह देखा गया तथा उन्होंने इस कदम का स्वागत किया।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दीपा देवी, खष्टी देवी, दीपा रैकवाल, पुष्पा देवी, हेमा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, मुन्नी देवी, सुरेश चंद्र, कृपाल सिंह, प्रखर शाह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


