उत्तराखंड: STF की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के जखीरे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
STF ने दो हथियार तस्करों को पकड़ा, भारी मात्रा में गन और कारतूस बरामद
उत्तराखंड–यूपी में सक्रिय गैंग का नेटवर्क ध्वस्त, फर्जी लाइसेंस के जरिए सप्लाई की योजना फेल
उधम सिंह नगर ,24 मार्च 2026: उत्तराखंड एसटीएफ ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऑटोमैटिक हथियार, कारतूस और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की। इस ऑपरेशन के साथ ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक बड़े गैंग का नेटवर्क भी ध्वस्त किया गया है।
एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने कोतवाली जसपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो पम्प एक्शन गन, दो पिस्टल (32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शमशेर सिंह (39), निवासी ग्राम हजीरा, थाना जसपुर और सिमरनजीत (37), निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिमरनजीत पुराना हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हथियार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लाए थे और जसपुर में बेचने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए वैध दिखाकर सप्लाई करने की योजना थी। मामले में अन्य कनेक्शनों की जांच जारी है।
इस सफल कार्रवाई में एसटीएफ टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, निरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, विपिन चंद्र जोशी, केजी मठपाल सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। कोतवाली जसपुर पुलिस टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


