उत्तराखंड: ऋषिकेश में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार समेत संदिग्ध दस्तावेजों का जाल उजागर
महज एक महीने पहले अवैध रूप से भारत में दाखिल, पश्चिम बंगाल के पते पर बनवाया फर्जी आधार—नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
ऋषिकेश, 15 अप्रैल 2026: उत्तराखंड में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि महिला महज एक महीने पहले अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुई थी और उसके पास से फर्जी आधार कार्ड समेत कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को ऋषिकेश क्षेत्र में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर डग रोड स्थित गेट नंबर-3 के पास से एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान रीना उर्फ रीता निवासी सरियातपुर, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में बताई। उसने खुलासा किया कि वह करीब एक महीने पहले ‘रिपोन’ नामक व्यक्ति की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। आरोपी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उसे भारत में रोजगार का झांसा दिया गया था। भारत आने के बाद उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल के पते पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड बनवाया और 13 अप्रैल को दिल्ली से बस के जरिए ऋषिकेश पहुंची।
पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेशी नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक संगठित नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। महिला ने बताया कि वह पहले दिल्ली लाई गई और फिर ऋषिकेश पहुंची। इतने कम समय में फर्जी आधार कार्ड बन जाना भी नेटवर्क की ओर इशारा करता है।
पुलिस अब घुसपैठ कराने वाले गिरोह और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों के अनुसार, ऋषिकेश में इस प्रकार का यह पहला मामला सामने आया है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


