रुद्रप्रयाग: ओंकारेश्वर मंदिर से कल प्रस्थान करेगी बाबा केदार की डोली, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट
ऊखीमठ में तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़; 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
रुद्रप्रयाग, 18 अप्रैल 2026। आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र श्री केदारनाथ धाम के कपाट वर्ष 2026 की यात्रा के लिए आगामी 22 अप्रैल को प्रातः 08:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस शुभ अवसर को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है और प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में भगवान केदारनाथ की चल-विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से भव्य रूप में धाम के लिए प्रस्थान करेगी। मंदिर परिसर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है और यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
परंपरा के अनुसार आज सायंकालीन आरती के पश्चात केदारपुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुंड भैरव जी की पूजा-अर्चना की जाएगी। यह अनुष्ठान डोली प्रस्थान से पूर्व अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल को उत्सव डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर फाटा पहुंचेगी। इसके बाद 20 अप्रैल को डोली फाटा से गौरीकुंड स्थित पवित्र गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 21 अप्रैल को डोली गौरीकुंड से प्रस्थान कर श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जहां मंदिर भंडार में विधिवत स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू होगा।
इसके उपरांत 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
https://youtube.com/shorts/HMEgkgoazdw?si=bu6GfO_SXcaH-Cif
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


