Almora News: डीएम अंशुल सिंह ने की आरआईडीएफ की 135 परियोजनाओं की समीक्षा
डीएम अंशुल सिंह ने नाबार्ड की आरआईडीएफ के तहत संचालित 135 परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
आरआईडीएफ के तहत सड़कों, सिंचाई, पेयजल समेत विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा, नए प्रस्ताव तैयार कर नाबार्ड को भेजने के निर्देश
अल्मोड़ा, 03 सितम्बर 2026: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में नाबार्ड के ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास निधि (आरआईडीएफ) के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पेयजल निगम, पीएमजीएसवाई, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभाग नाबार्ड के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने सड़कों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित सभी परियोजनाओं की संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित एवं गहन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पशुपालन अवसंरचना, आंगनबाड़ी केंद्र, शौचालय ब्लॉक, गौशालाओं सहित आरआईडीएफ के अंतर्गत पात्र गतिविधियों के लिए नए प्रस्ताव तैयार कर नाबार्ड को प्रेषित करने को कहा।
बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक ने बताया कि आरआईडीएफ के अंतर्गत ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र में ग्रामीण सड़क, पुल, पेयजल, सिंचाई सहित 39 प्रकार की विभिन्न गतिविधियों के लिए राज्य सरकार के माध्यम से वित्त पोषण किया जाता है। वर्तमान में जनपद में आरआईडीएफ के अंतर्गत 135 परियोजनाएं गतिमान हैं। उन्होंने बताया कि इनमें लोक निर्माण विभाग की 67, सिंचाई विभाग की 18, लघु सिंचाई विभाग की 15 तथा पेयजल निगम की 7 परियोजनाएं प्रमुख हैं। साथ ही संबंधित विभागों को परियोजना पूर्णता प्रमाण पत्र (पीसीसी), परियोजना पूर्णता रिपोर्ट (पीसीआर) एवं मासिक प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक गिरीश पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


