देहरादून में एयर अटैक मॉक ड्रिल: ब्लैकआउट के बीच कई इलाकों में ‘बमबारी’ सीन, परखी गई तैयारी
IRS लागू, सेना–NDRF–SDRF की संयुक्त कार्रवाई; ISBT सीन में 4 ‘मृत’, कई घायल—आपातकालीन प्रतिक्रिया का हुआ रियल टाइम अभ्यास

देहरादून। शुक्रवार रात एयर अटैक की सूचना पर जनपद में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखा गया। सूचना मिलते ही शहरी क्षेत्रों में तत्काल ब्लैकआउट लागू कर दिया गया और जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
रात्रि 10:05 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से एयर अटैक की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (EOC) सक्रिय कर दिया गया और इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (IRS) लागू कर दिया गया। इसके साथ ही सभी विभागों के अधिकारी कंट्रोल रूम में तैनात होकर स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान घंटाघर, डील रायपुर, आराघर और ISBT क्षेत्र में बमबारी के सीन तैयार किए गए। ISBT क्षेत्र में 10:34 बजे ‘धमाके’ का सीन बनाया गया, जिसमें भवन क्षतिग्रस्त होने के साथ 4 लोगों की ‘मृत्यु’, 6 गंभीर और 5 सामान्य घायलों की स्थिति दर्शाई गई। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए दून अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं आराघर क्षेत्र में 10:36 बजे बम गिरने की सूचना पर EOD टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। घंटाघर क्षेत्र में बमबारी से पुलिया क्षतिग्रस्त होने और बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित होने का सीन तैयार किया गया, जिसकी बहाली के लिए संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई की।
डील रायपुर और आराघर में जनहानि नहीं दिखाई गई, जबकि सभी स्थानों पर सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स तैनात रहे। घंटाघर और आराघर में 52-52, ISBT में 36 और डील रायपुर में 12 वॉलिंटियर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सेना, NDRF, SDRF, अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने राहत और बचाव कार्यों का रियल टाइम अभ्यास किया।
यह मॉक ड्रिल भारत सरकार के निर्देशों के तहत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आपदा या आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सिस्टम की तैयारियों, समन्वय और क्षमता का आकलन करना था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


