हल्द्वानी: शराब दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा, 12 दुकानों में छापेमारी—कई अनियमितताएं उजागर
स्टॉक रजिस्टर, सीसीटीवी और रेट लिस्ट में मिली खामियां, आबकारी विभाग ने किया चालान
हल्द्वानी, 15 अप्रैल 2026: जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित देशी व विदेशी मदिरा दुकानों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आबकारी विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मदिरा दुकानों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने देशी मदिरा दुकान काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, लोहरियासाल सहित कई दुकानों के साथ ही विदेशी मदिरा दुकानों—काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, कुसुमखेड़ा समेत कुल 12 दुकानों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें स्टॉक रजिस्टर का अद्यतन न होना, सीसीटीवी कैमरों का बंद पाया जाना और मदिरा के नए रेटों का रेट लिस्ट में अंकन न होना शामिल है। इन कमियों के चलते संबंधित दुकानों के चालान की कार्रवाई की गई और प्रशमन हेतु मामला जिला आबकारी अधिकारी, नैनीताल को भेजा गया है।
आबकारी विभाग ने सभी अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करें और सभी अनियमितताओं को तत्काल दुरुस्त करें। चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद जोशी तथा प्रधान आबकारी सिपाही चंद्रशेखर कांडपाल शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


