Uttarakhand: माणा हिमस्खलन में 57 मजदूर दबे ,16 को सुरक्षित निकाला.. सीएम धामी ने संभाला मोर्चा

चमोली। UTTARAKHAND CHAMOLI AVALANCHE: उत्तराखंड के चमोली जनपद अंतर्गत जोशीमठ के माणा क्षेत्र में शुक्रवार को भारी हिमस्खलन के कारण 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए। निर्माण कार्य में लगे ये मजदूर बीआरओ के जीआरईएफ शिविर के पास बर्फ में फंस गए थे। अब तक 16 मजदूरों को निकाल लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
हिमस्खलन के बाद आईटीबीपी के जवान राहत कार्य में जुट गए थे, लेकिन भारी बर्फबारी के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि जहां हिमस्खलन हुआ है, वहां करीब आठ फीट तक बर्फ जमा हो गई है। मौसम सामान्य होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन फिर से शुरू किया जाएगा।
सीएम धामी ने संभाला मोर्चा
चमोली में हिमस्खलन को लेकर अब सीएम धामी ने मोर्चा संभाल लिया है। सीएम अचानक देहरादून में आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों से हिमस्खलन की घटना की जानकारी ली।
सीएम ने भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थिति का जायजा लेने देहरादून सचिवालय में स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली,और आवश्यक निर्देश दिए।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्थिति के बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और स्थानीय सेना इकाइयों द्वारा बचाव प्रयास जारी हैं। सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके फंसे हुए कर्मियों को बचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे को लेकर ट्वीट किया और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से बात की है और आईटीबीपी तथा एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से भी संपर्क किया है। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना उनकी प्राथमिकता है। एनडीआरएफ की दो टीमें जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचने वाली हैं।
इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है, और स्थानीय प्रशासन तथा सुरक्षा बल सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें