हल्द्वानी- सीएम ने कालाढूंगी थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत को किया सम्मानित
ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे पर जनपद नैनीताल पुलिस के उप निरीक्षक दिनेश नाथ महंत थानाध्यक्ष कालाढूंगी को मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा किया गया सम्मानित
हल्द्वानी। आज दिनांक 31 अक्टूबर 2020 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में रैतिक परेड आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री उत्तराखंड त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा जनपद नैनीताल से चयनित उत्कृष्ट विवेचक उ.नि. दिनेश नाथ महंत थानाध्यक्ष कालाढूंगी को बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं उत्कृष्ट विवेचना/अनावरण के लिए सम्मानित किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
विगत दिनांक 31/01/2020 को थाना कालाढूंगी क्षेत्र अंतर्गत एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ सूचना पर थानाध्यक्ष कालाढूंगी सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गण घटनास्थल पर पहुंचे तथा उक्त अज्ञात महिला महिला की हत्या के अनावरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गणों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये तथा थाना कालाढूंगी में एफ.आई.आर. नंबर-17/20, धारा-302 आई.पी.सी. बनाम अज्ञात में अभियोग पंजीकृत करते हुए विवेचना उपनिरीक्षक दिनेश नाथ महंत थानाध्यक्ष कालाढूंगी के सुपुर्द की गई।
विवेचना के दौरान विवेचक/ उप निरीक्षक दिनेश नाथ महंत थानाध्यक्ष कालाढूंगी के निर्देशन में स्थानीय पुलिस टीमों का गठन कर अज्ञात महिला शव की शिनाख्त हेतु आसपास के स्थानों, फैक्ट्री इत्यादि में जाकर महिला की गुमशुदगी हेतु पंपलेट भिजवाए गए। इसके अतिरिक्त अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त हेतु सरहदी जनपदों/राज्यों से महिलाओं की गुमशुदगी संबंधित सूचनाये मंगवाकर शिनाख्त करने के प्रयास किए।
विवेचना के दौरान ही थाना क्षेत्र अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरो का अवलोकन किया गया तो घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा के अवलोकन से दिनांक 31/01/2020 की प्रात करीब 3:00 बजे के आसपास एक कार चूना खान की तरफ जाती हुई दिखाई दी तथा कार रुकने के कुछ समय पश्चात आग लगने की घटनाएं देखी गई। विवेचक द्वारा सीसीटीवी कैमरा से मिले अहम सुराग के माध्यम से उक्त कार के नंबर UK 04 AA 6946 (होंडा सिटी) पाया गया। कार नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाया गया तो ज्ञात हुआ कि दिनांक 30 जनवरी 2020 को दिन में उसके बहन के पति कुलदीप सिंह निवासी चूनाखान कालाढूंगी ले गया था।
मौके से कार को कब्जे पुलिस लेते हुए आरोपी कुलदीप सिंह की तलाश की गई। जिसे 11 फरवरी 2020 को बरहनी से हरिपुरा के मध्य गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त कुलदीप सिंह द्वारा बताया गया कि कुछ समय पहले उसकी दोस्ती रविंद्रपाल उर्फ राजू के साथ हुई थी रविंद्र पाल अपनी पत्नी अनीता से परेशान रहता था इस कारण मैंने व रविंद्रपाल द्वारा योजना बनाकर रविंद्रपाल की पत्नी अनीता को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर, गला घोट कर हत्या कर उसके शव को बेलपोखरा जाने वाली सड़क के किनारे खेत में जला दिया था।
अभियुक्त कुलदीप सिंह की निशानदेही पर उसके घर से घटना के दिन पहने मोबिल ऑयल लगे कपड़े व मोबिल ऑयल वाली जरीकेन बरामद कराई गई। इस बीच दिनांक 11/02/2020 को अभियुक्त रविंद्रपाल को भी हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया।
विवेचक उ0नि0 दिनेश नाथ महंत द्वारा विवेचना में तकनीकी परीक्षण सहयोग लेते हुए अभियुक्त कुलदीप व रविंद्रपाल एवं मृतिका अनीता के मोबाइल सी.डी.आर. लोकेशन का अवलोकन किया गया साथ ही अभियुक्त कुलदीप सिंह एवं रविंद्र पाल के मध्य बातचीत एवं लोकेशन सी.डी.आर. के माध्यम से सामने आई।
दोनों अभियुक्त गणों को न्यायालय से सजा दिलाए जाने हेतु मृतका अनीता का बिसरा परीक्षण, मृतका अनीता के शव एवं उनकी दोनों बहनों का डी.एन.ए. मिलान विधि विज्ञान प्रयोगशाला रुद्रपुर, देहरादून चंडीगढ़ में कराया गया जो सही पाया गया। इस प्रकार विवेचक द्वारा विवेचना के दौरान स्थानीय सुरागरसी-पतारसी के साथ-2 साक्ष्य को एकत्रित करने हेतु तकनीकी सहयोग एवं वैज्ञानिक विधि का सहयोग लेते हुए उक्त ब्लाइंड मर्डर केस का विधिवत अनावरण किया गया। जिस कारण उपरोक्त विवेचना को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट रखते हुए विवेचक उ0नि0 दिनेश नाथ महंत को सम्मानित किया गया। वर्तमान में दोनों अभियुक्त गण कुलदीप एवं राजेंद्र पाल जेल में निरूद्ध है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें