हल्द्वानी: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कलावती चौराहा, छात्र नेता घायल
ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप, घायल छात्र नेता बेस अस्पताल में भर्ती ,मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। शहर के नवाबी रोड स्थित कलावती कालोनी चौक शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। इस गोलीकांड में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल में लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शाम साढ़े सात बजे चौक पर आसपास के लोग दुकानों में खरीदारी कर रहे थे। तभी फाॅरच्यूनर कार से आधा दर्जन से अधिक युवक धड़धड़ाते हुए नीचे उतरे। इनमें से दो युवक एक आवास के नीचे खड़े होकर एक युवक का नाम लेकर पुकारने और ललकारने लगे। जैसे ही युवक अपने कमरे का दरवाजा खोलकर बालकनी में आया। नीचे से तीन लोगों ने अपनी पिस्टल ऊपर तान दी और एक के बाद एक सात फायर झोंक दिए।
बालकनी में खड़े युवक ने झुककर अपनी जान बचाई। लेकिन तब तक एक गोली उसे लग चुकी थी। आसपास के लोगों के मौके पर जुटने से पहले ही सभी बदमाश मौके से भाग निकले। ताबड़तोड़ फायरिंग से कलावती चौक पर अफरातफरी मच गई।

पीड़ित युवक को 108 से बेस अस्पताल लाया गया। युवक के बायें हाथ पर कलाई और कुहनी के बीच लगी गोली आरपार निकल चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पीड़ित से पूछताछ की। दूसरी ओर एक पुलिस टीम ने घटनास्थल का
निरीक्षण किया।
गोलीकांड में घायल पीड़ित गौरव वानखेड़े ने बताया कि रंजिशन सोनू घनेला, राहुल सौराड़ी, अक्कू ठाकुर, जैगुआर और कुछ अन्य युवकों ने एक राय होकर उसपर जानलेवा हमला किया। एक दिन पहले ही यानी गुरुवार को अक्कू ने उसे अन्य हमलावरों की मौजूदगी गोली मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित गौरव वानखंडे एमबीपीजी में छात्र नेता है और कलावती चौराहे पर पीजी हाउस में रहता है।
सीओ सिटी बीएस धौनी ने बताया कि गोलीकांड की घटना में प्रकाश में आए युवकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अराजकता और गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी।
इधर पीजी हाउस में ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्रवासी दहशत में आ गए। उन्होंने छात्र गुटों के कब्जे में चल रहे पीजी हाउस को खाली कराने की मांग की।
क्षेत्रावासियों ने बताया कि आए दिन लड़ाई-झगड़ा होता रहता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें