हल्द्वानी: बाघ के हमले में महिला की मौत , परिजनों में मचा कोहराम
मवेशियों के लिए जंगल में घास लेने गई थी महिला
Haldwani News (जीवन गोस्वामी)– नैनीताल जिले के हल्द्वानी से दुखद घटना की खबर सामने आ रही है , यहां फतेहपुर रेंज स्थित पनियाली गांव में बाघ के हमले से 53 वर्षीय विधवा कमला फर्त्याल की मौत हो गई। महिला सुबह घास लेने जंगल गई थी, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटी।
परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार, दुर्गम क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों ने शव को डंडे पर बांधकर जंगल से बाहर निकाला। इस दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गश्त बढ़ाने तथा आदमखोर बाघ को पकड़ने की मांग की।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राथमिक जांच में बाघ के हमले के संकेत मिले हैं। क्षेत्र में पिंजरा लगाने, कैमरा ट्रैप सक्रिय करने और गश्त बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों को संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की जांच जारी है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
इधर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती बाघ की गतिविधियों पर चिंता जताई है। वहीं घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मवेशियों के लिए घास लेने गई थी कमला
परिवार के अनुसार कमला फर्त्याल सुबह करीब 9 बजे पशुओं के लिए घास काटने जंगल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन खोजने निकले। तलाश के दौरान दोपहर में जंगल के भीतर उसका शव बरामद हुआ।
15 दिन के भीतर दूसरी घटना से दहशत
स्थानीय कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि नीरज तिवारी ने बताया कि पिछले 15 दिनों में यह दूसरी घटना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन वन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


