नैनीताल: पर्यटन सीजन से पहले कैंची धाम में सतर्कता, ADG ने लिया सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं का जायजा
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पार्किंग, शटल सेवा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
नैनीताल ,30 मार्च 2026। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए कैंची धाम में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में डॉ. वी० मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखण्ड ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और ‘नो पार्किंग जोन’ का प्रभावी निर्धारण किया जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी आवश्यक जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यातायात और शटल सेवा पर विशेष जोर
एडीजी ने पार्किंग स्थलों से मंदिर तक संचालित शटल सेवा को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने को कहा, ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इसके अलावा निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों और बाईपास मार्ग के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक
मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के साथ ही एडवांस फीचर वाले सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी और बेहतर पीए सिस्टम स्थापित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान डॉ. जगदीश चंद्र (पुलिस अधीक्षक नैनीताल), रविकांत सेमवाल (सीओ भवाली), प्रकाश सिंह मेहरा (प्रभारी निरीक्षक भवाली), महेश चंद्रा (निरीक्षक यातायात भवाली) सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


