उत्तराखंड: गैस बुकिंग शिकायत के बहाने 1.91 लाख की ठगी, महिला बनी साइबर जालसाजों का शिकार
स्क्रीन शेयरिंग के जरिए खाते से उड़ाई रकम, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क कर ठगों ने बनाया शिकार
रिफंड के नाम पर बार-बार ट्रांजेक्शन करवाई गई रकम
अनजान कॉल और स्क्रीन शेयरिंग बनी ठगी की बड़ी वजह
नैनीताल, 31 मार्च 2026: शहर के मल्लीताल क्षेत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गैस बुकिंग से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने के बहाने साइबर ठगों ने एक महिला से करीब 1.91 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली मल्लीताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मल्लीताल के गार्डन हाउस क्षेत्र निवासी बीना शाह ने 20 मार्च 2026 को इंडेन गैस की बुकिंग की थी। भुगतान सफल नहीं होने पर उन्होंने पेटीएम के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क करने को कहा गया। पीड़िता ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद खुद को पेटीएम से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने कॉल कर स्क्रीन शेयरिंग के माध्यम से कुछ प्रक्रियाएं कराईं।
इस दौरान महिला के बैंक खाते से पहले 84,539 रुपये और 9,999 रुपये ‘मो. फरहान’ नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। इसके बाद अगले दिन ठग ने फिर कॉल कर पैसे वापस करने का झांसा दिया और अलग-अलग बहानों से ‘अंजली’ नाम के खाते में भी रकम ट्रांसफर करवा ली। इस तरह कुल मिलाकर 1,91,487 रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
पीड़िता को बैंक से लगातार आए मैसेज के बाद धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से एक अन्य नंबर से लगातार कॉल कर उन्हें भ्रमित करने की कोशिश भी की जा रही है।
कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग न करें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


