Uttarakhand Weather Update: झमाझम बारिश से बदला मौसम, अगले तीन दिन ऑरेंज अलर्ट; रहें सावधान
उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
27 से 29 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, शासन ने जारी की एडवाइजरी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
देहरादून, 26 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून का असर एक बार फिर तेज हो गया है, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक भी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि 27 से 29 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश की चेतावनी को देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पिछले 24 घंटे में इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक नैनीताल में 27.5 मिमी, भीमताल में 27 मिमी, नई टिहरी में 26 मिमी, कालसी में 20 मिमी, मसूरी में 19.5 मिमी, चंपावत में 19 मिमी, जॉलीग्रांट में 13 मिमी, पौड़ी में 13 मिमी तथा गंगोलीहाट में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है।
आज इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा कहीं-कहीं तेज से अति तीव्र बारिश होने के आसार हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
27 से 29 जुलाई तक फिर बरसेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 27, 28 और 29 जुलाई के दौरान प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
27 जुलाई (सोमवार): देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
28 जुलाई (मंगलवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में भारी वर्षा की संभावना।
29 जुलाई (बुधवार): उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
शासन ने सभी जिलों को किया अलर्ट
संभावित भारी बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई तथा अन्य संबंधित कार्यकारी संस्थाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए हैं ताकि राहत एवं बचाव कार्यों के साथ आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति प्रभावित न हो।
इसके अलावा बांधों और बैराजों के जलस्तर की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को तैयार रहने को कहा गया है।
चारधाम में बारिश के बीच जारी यात्रा
शनिवार को केदारनाथ धाम में हुई बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में कोहरा छाया रहा और ठंड में बढ़ोतरी महसूस की गई। वहीं बद्रीनाथ धाम में भी लगातार बारिश के चलते मौसम ठंडा बना हुआ है।
हालांकि मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद दोनों धामों में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी है। केदारनाथ धाम में मौसम खराब होने के कारण यात्रियों की संख्या में कुछ कमी जरूर देखने को मिली है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, भूस्खलन, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


