उत्तराखंड मौसम अपडेट: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानों में चढ़ेगा पारा
पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना, 13 से 15 अप्रैल तक मौसम रहेगा शुष्क
आज का मौसम पूर्वानुमान
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज 12 अप्रैल रविवार को प्रदेश के पांच सीमांत पर्वतीय जनपदों में हल्की बूंदाबांदी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंडक महसूस की जा रही है।
मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी
वहीं प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी का असर बढ़ गया है। हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन अधिकांश समय धूप लोगों को परेशान कर रही है।
प्रमुख शहरों का तापमान
राज्य के विभिन्न शहरों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। देहरादून में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.9 डिग्री दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 11.6 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 21.5 और न्यूनतम 7.0 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 20.0 और न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
केदारनाथ धाम में अब भी बर्फ की मोटी परत
केदारनाथ धाम में अभी भी सर्दियों जैसे हालात बने हुए हैं। हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण धाम में करीब 4 फीट मोटी बर्फ जमी हुई है। कपाट खुलने में कुछ दिन शेष हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां भी जारी हैं।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13, 14 और 15 अप्रैल को राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


