उत्तराखंड मौसम अलर्ट: भारी बारिश–ओलावृष्टि और तेज हवाओं की ऑरेंज चेतावनी, जानिए ताज़ा मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले 48 घंटे के लिए कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई
देहरादून, 05 जून 2026। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया है।
3 घंटे का तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान (रात 9:00 बजे जारी)
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 5 जून की रात 9:00 बजे जारी 3 घंटे के तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के देहरादून (पर्वतीय क्षेत्र), उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, पौड़ी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल विकसित होने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश के ताज़ा आंकड़े (रात 8:30 बजे तक)
रात्रि 8:30 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार पौड़ी में सबसे अधिक 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मोहकमपुर में 26 मिमी, नैनीताल में 24.5 मिमी, घाट में 15 मिमी और देहरादून में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 12 घंटे में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के तमाम इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज हुई है।
अगले 48 घंटे का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों तक प्रदेश में मौसम का असर तेज रहने की संभावना है। 6 जून तक ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। राज्य के शेष पर्वतीय जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
मैदानी इलाकों में भी असर
हरिद्वार और उधम सिंह नगर सहित मैदानी क्षेत्रों में भी आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
सतर्कता की सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही विभाग के अनुसार 7 जून से मौसम में कुछ सुधार के संकेत मिल रहे हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


