उत्तराखंड: घर से निकले थे साथ, लौटे तीनों के शव; सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में तेज रफ्तार डंपर ने रेहड़ी को मारी टक्कर, एक किशोर गंभीर घायल; चालक फरार
ऊधम सिंह नगर। जिले के सितारगंज में तेज रफ्तार वाहन ने एक और भीषण सड़क हादसे को अंजाम दे दिया। गुरुवार देर शाम अमरिया रोड स्थित मलपुरी के पास एक अज्ञात डंपर ने सड़क पर जा रही रेहड़ी को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे सितारगंज के अमरिया रोड पर मलपुरी के पास सड़क पर चल रही एक रेहड़ी को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और घायलों को संभालने में जुट गए।
रेहड़ी में सवार थे चार युवक
बताया जा रहा है कि रेहड़ी में कुल चार युवक सवार थे। टक्कर लगते ही तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सितारगंज उपजिला चिकित्सालय भेजा गया।
गंभीर घायल किशोर हायर सेंटर रेफर
सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने घायल किशोर को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
तीनों मृतक गौरीखेड़ा के निवासी
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शादाब, नाजिम और सुल्तान निवासी गौरीखेड़ा, सितारगंज के रूप में हुई है। इनमें शादाब और नाजिम सगे भाई बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से घर में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
डंपर चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


