उत्तराखंड: जमीनी विवाद बना खूनी संग्राम, नाबालिग भतीजे ने ताऊ को मारी गोली, मौत
फायरिंग में पिता-पुत्र घायल, इलाज के दौरान ताऊ की हुई मौत
लाइसेंसी रिवॉल्वर से नाबालिग ने किया हमला, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
उधम सिंह नगर। गदरपुर के ग्राम बकैनिया में जमीनी विवाद ने रविवार रात खूनी रूप ले लिया। करीब एक एकड़ और एक कनाल जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में नाबालिग भतीजे ने अपने ताऊ पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सर्वेश्वर सिंह (60) और उनके भाई सर्वजीत सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात सर्वेश्वर सिंह के पुत्र शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू और सर्वजीत सिंह के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान सर्वजीत सिंह के नाबालिग बेटे ने घर से रिवॉल्वर लाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने सर्वेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक और सकैनिया चौकी प्रभारी विजय कुमार ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह और सीओ विभव सैनी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
सोमवार को एसएसपी अजय गणपति ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने नाबालिग द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर के इस्तेमाल को भी गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।
फिलहाल पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को सर्वेश्वर सिंह का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में तनाव को देखते हुए सकैनिया चौकी से पुलिस बल तैनात किया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


