उत्तराखंड: केदारनाथ हेली सेवा होगी हाईटेक, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और सुगम सफर
सभी हेलीकॉप्टर होंगे लाइव ट्रैकिंग डिवाइस से लैस, 22 अप्रैल से शुरू होगी सेवा
देहरादून, 08 अप्रैल 2026: उत्तराखंड सरकार ने आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए केदारनाथ हेली शटल सेवा को पूरी तरह हाईटेक बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हेली सेवाओं में आधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।
22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही हेली शटल सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इस वर्ष हेली सेवाओं की निगरानी के लिए अत्याधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं। यात्रा मार्ग के हेलीपैड पर तीन वरी हाई फ्रीक्वेंसी (VHF) सेटअप स्थापित किए गए हैं, जबकि तीन अतिरिक्त VHF सिस्टम बैकअप के रूप में रखे गए हैं।
यात्रा के दौरान आठ हेलीपैड से संचालित केदारनाथ हेली सेवा पर निगरानी के लिए यूकाडा द्वारा 18 पैन-टिल्ट-जूम (PTZ) कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनमें से 12 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष छह पर कार्य जारी है। इन कैमरों के माध्यम से उड़ानों की गतिविधियों पर रियल-टाइम निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
सभी हेलीकॉप्टरों में लाइव ट्रैकिंग डिवाइस अनिवार्य किए गए हैं। यह सुविधा किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर की लोकेशन तुरंत ट्रैक कर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से अंजाम देने में मदद करेगी।
मौसम की सटीक जानकारी के लिए सहस्त्रधारा, केदारनाथ, बद्रीनाथ, सीतापुर, झाला और खरसाली में ऑटोमेटिक वेदर ऑब्जर्विंग सिस्टम (AWOS) और सेलोमीटर स्थापित किए जा रहे हैं। इनसे पायलट और कंट्रोल रूम को समय पर मौसम अपडेट प्राप्त होंगे, जिससे उड़ानों का संचालन सुरक्षित रूप से किया जा सकेगा।
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ, बद्रीनाथ, सहस्त्रधारा और सिरसी में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्र सक्रिय रहेंगे। वर्तमान में सहस्त्रधारा और सिरसी में ATC सुविधा चालू है, जबकि केदारनाथ और बद्रीनाथ में जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा। ATC के माध्यम से मौसम, उड़ान समय, देरी या रद्दीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी तत्काल साझा की जाएगी।
यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेली सेवाओं की निगरानी अलर्ट मोड पर की जाएगी और डीजीसीए, भारत मौसम विभाग तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी। सभी हेलीपैड पर PTZ कैमरे, VHF सिस्टम, सेलोमीटर और ऑटोमेटेड वेदर सिस्टम लगाने का कार्य तेजी से जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शुरू की जा रही यह हाईटेक हेली शटल सेवा न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। यह पहल चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


