उत्तराखंड: हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं के जरिए युवक को जाल में फंसाकर बनाया अश्लील वीडियो, 50 लाख की फिरौती मांगने की थी योजना
लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी और एटीएम कार्ड बरामद
डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचे आरोपी, मुख्य सरगना हिस्ट्रीशीटर
Udham Singh Nagar Crime News- ऊधमसिंह नगर जिले में हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट और ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नानकमत्ता पुलिस ने घेराबंदी कर दो महिलाओं समेत छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिलाओं के माध्यम से फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने उसे नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छीझाला इलाके में बुलाया। पीड़ित जैसे ही अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई। साथ ही उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई गई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार लूट ली।
15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर सामने से आ रही हुंडई आई-10 कार को रोका। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, अवैध शस्त्र और अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी गिधौर (कोतवाली नानकमत्ता), राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया (कोतवाली खटीमा), सीमा कौर पत्नी राजेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया, गुरमीत कौर पत्नी तारा सिंह निवासी गिधौर, गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल पुत्र सर्वण सिंह निवासी वरकीडांडी (कोतवाली नानकमत्ता) और रमन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गिधौर शामिल हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल (खटीमा), निरीक्षक मंजू पांडे, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, नवल किशोर, सुनील कुमार, कांस्टेबल कमल पाल, राजकुमार बोरा, नवनीत कुमार, शुभम सैनी, प्रकाश आर्य, रणवीर सिंह, एसओजी कांस्टेबल भूपेंद्र आर्य, महिला कांस्टेबल बबीता रानी और कमला गोस्वामी शामिल रहे
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


