Uttarakhand: हल्द्वानी नगर निगम के पार्षद ने युवक को मारी गोली , मौके पर ही मौत
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वारदात की जांच शुरू की
Haldwani Crime News- शहर के रामपुर रोड क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में भाजपा से जुड़े नगर निगम वार्ड पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान जज फार्म निवासी नितिन लोहनी के रूप में हुई है।

फाइल फोटो – मृतक नितिन लोहनी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्षद और मृतक के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते देर रात घर के बाहर कहासुनी बढ़ गई, जो फायरिंग में बदल गई। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पार्षद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटे के दोस्तों से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक आरोपी भाजपा पार्षद अमित बिष्ट के बेटे और मृतक नितिन लोहानी के बीच दोस्ती थी। नितिन अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ पार्षद के बेटे से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से पार्षद के बेटे और उसके दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था, जो देर रात फिर उभर आया।

फाइल फोटो- आरोपी भाजपा पार्षद अमित बिष्ट
इसी विवाद के दौरान हालात बिगड़ गए। शुरुआती कहासुनी के बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया और फायरिंग की गई।
सूत्रों के अनुसार, देर रात पार्षद अमित बिष्ट ने अपने घर की दूसरी मंजिल की छत से 12 बोर की लाइसेंसी दुनाली बंदूक से फायरिंग की। आरोप है कि नितिन लोहानी पर तीन गोलियां चलाई गईं।
गोली लगने के बाद नितिन स्कूटी पर बैठकर दोस्त के साथ वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पीछे से उसे गोली मार दी गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितिन को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक नितिन (22) दिल्ली में पढ़ाई करता था और छुट्टियों में 28 दिसंबर को हल्द्वानी अपने घर आया था। परिवार और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पार्षद का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। उस पर मारपीट और दबंगई के आरोप लगते रहे हैं। जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। इससे पहले भी उससे जुड़े एक प्रकरण को लेकर राजनीतिक स्तर पर खींचतान देखने को मिली थी, जो काफी चर्चा में रहा था। एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


