उत्तराखंड: रिश्वत लेते फारेस्टर रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
25,500 रुपये की घूस मांग रहा था आरोपी, लीसा कार्य के भुगतान-नवीनीकरण के नाम पर खेल
लीसा कार्य के भुगतान और नवीनीकरण के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत, टीम ने मौके पर किया गिरफ्तार
अल्मोड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम को बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर एक फारेस्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लीसा गडान-ढुलान कार्य के बदले 25 हजार 500 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
मामले में शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने सतर्कता विभाग को सूचना दी थी कि नवीन नौटियाल, जो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फारेस्टर के पद पर तैनात हैं, पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के नाम पर रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते समय पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस मामले में वन विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।
विजिलेंस में शिकायत करें—
किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार या घूसखोरी की शिकायत विजिलेंस विभाग को टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064, मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर या वेबसाइट www.vigilance.uk.gov.in� के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और हर सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


