Uttarakhand Crime: प्रेम प्रसंग में 18 वर्षीय युवक की हत्या, लाठी-डंडों के हमले में दोस्त भी गंभीर घायल
युवक की हत्या का मामला। (प्रतीकात्मक फोटो)
टिहरी के प्रतापनगर क्षेत्र में वारदात, युवती के बुलावे पर पहुंचने की चर्चा; पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया
नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर 18 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार चल रहा है। वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
रात में फोन कर बुलाने का आरोप
मृतक के पिता धनपाल लाल निवासी देवल गांव, ओण पट्टी, प्रतापनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके 18 वर्षीय पुत्र केतन (कीर्तन) लाल को खोलगढ़ गांव की एक युवती के मोबाइल फोन से कॉल कर बुलाया गया था। आरोप है कि युवक अपने मित्र दिवाकर के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
कमरे में बंद कर बेरहमी से की पिटाई
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक और युवती के बीच लंबे समय से मोबाइल पर बातचीत होती थी, जिसकी जानकारी युवती के परिजनों को हो गई थी। आरोप है कि युवक को घर बुलाने के बाद कमरे में बंद कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमले में उसके साथ मौजूद मित्र दिवाकर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
रातभर मौके पर पड़े रहे घायल
बताया जा रहा है कि हमले के बाद दोनों युवक रातभर लहूलुहान अवस्था में घटनास्थल पर ही पड़े रहे। सोमवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में चिकित्सकों ने केतन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर किया गया।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर थाना लंबगांव में अपराध संख्या 09/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने खोलगढ़ वल्ला निवासी यशवीर सिंह पंवार पुत्र विद्याधर पंवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच शुरू
पुलिस ने मामले में संबंधित आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसएसपी ने बताया कि प्रकरण की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
प्रेम संबंध की चर्चा ,जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि मृतक युवक और युवती के बीच काफी समय से मोबाइल पर बातचीत होती थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि रविवार रात युवती ने युवक को फोन कर अपने घर बुलाया था। इसके बाद युवक अपने मित्र के साथ वहां पहुंचा, जहां कथित रूप से विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्षेत्र में आक्रोश
दिनदहाड़े सामने आए इस हत्याकांड से प्रतापनगर क्षेत्र में लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


