उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख गंगा और रिवरफ्रंट परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
देहरादून, 08 अप्रैल 2026 – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने और इन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूआईआईडीबी के गठन का मुख्य उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना और राज्य की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से गंभीरता, समन्वय और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया। परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर करने के लिए कार्यों के सरलीकरण पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतर सकें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी छह माह में इन परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक परियोजना की स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए और तय समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
शारदा कॉरिडोर योजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए भूमि की उपलब्धता के साथ भूस्खलन की संवेदनशीलता का अध्ययन कर सुरक्षात्मक उपायों पर ध्यान देने को कहा गया। शारदा नदी के किनारे रिवर फ्रंट के विकास और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा स्वच्छता, घाटों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि राज्य का समग्र विकास तेज हो और उत्तराखंड निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बन सके।
शारदा और गंगा कॉरिडोर का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना है। शारदा कॉरिडोर के तहत बुनियादी ढांचे, पर्यटन और लोगों की आर्थिकी को बढ़ावा देने से संबंधित कई कार्य किए जाएंगे।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, बृजेश संत, धीराज गर्ब्याल, रणवीर सिंह चौहान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, विशेष सचिव अजय मिश्रा और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


