उत्तराखंड बोर्ड 10वीं-12वीं मूल्यांकन शुरू, रिजल्ट की तिथि भी जानिए
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की लगभग 12 लाख कॉपियों का मूल्यांकन प्रदेशभर के 29 केंद्रों पर शुरू हो गया है। हाई स्कूल स्तर पर 1457 परीक्षक और इंटरमीडिएट स्तर पर 1298 परीक्षक तैनात किए गए हैं।
रामनगर: उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रदेशभर के कुल 29 केंद्रों पर शुरू हो गया है। इस वर्ष लगभग 12 लाख कॉपियों की जांच की जा रही है। मूल्यांकन के दूसरे ही दिन कार्य में तेजी देखने को मिली, जहां परीक्षकों ने निर्धारित मानकों के तहत कॉपियों की जांच शुरू कर दी है।
मूल्यांकन कार्य 10 अप्रैल तक पूरा होगा: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सचिव ने बताया कि सभी 29 केंद्रों पर हाई स्कूल स्तर पर 1457 परीक्षक, 160 उप प्रधान परीक्षक और 320 अंकेक्षकों की नियुक्ति की गई है, जबकि इंटरमीडिएट स्तर पर 1298 परीक्षक, 143 उप प्रधान परीक्षक और 284 अंकेक्षकों को तैनात किया गया है।
डेटा पंचिंग भी केंद्रों से ही शुरू: सचिव ने यह भी बताया कि इस बार मूल्यांकन अंक योजना के आधार पर चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि हर कॉपी की जांच में समानता और सटीकता बनी रहे। साथ ही, मूल्यांकन केंद्रों से ही डेटा पंचिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे परिणाम तैयार करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी।
इस वर्ष परिणाम समय पर घोषित होंगे: सचिव ने स्पष्ट किया कि मूल्यांकन में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों और परीक्षकों के साथ विशेष बैठकें आयोजित कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड की इस व्यवस्थित तैयारी से यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष परीक्षा परिणाम समय पर घोषित होंगे, जिससे छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई और करियर की योजनाओं में आसानी हो सके।
रिजल्ट की संभावित तिथि: आपको बता दें कि पिछले वर्ष 2025 में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 19 अप्रैल को जारी किया गया था। इस साल भी परिणाम लगभग 15 से 20 अप्रैल 2026 के बीच जारी होने की संभावना है। छात्र अपने रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


