UKPSC Exam Calendar: भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी, नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं; देखें महत्वपूर्ण तिथियां
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 2026-27 के लिए विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया
सिविल सेवा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित, अभ्यर्थियों को परीक्षा तैयारी का मिला रोडमैप
हरिद्वार, 2 सितंबर 2026। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों में प्रस्तावित परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी पत्रांक 115/2026-27, दिनांक 1 सितंबर 2026 के अनुसार नवंबर 2026 से जून 2027 तक विभिन्न पदों की परीक्षाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें सिविल सेवा, कर एवं राजस्व निरीक्षक, प्रवक्ता, पशु चिकित्साधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता और समीक्षा अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं शामिल हैं।
आयोग के कैलेंडर के अनुसार उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसी परीक्षा की एक अन्य प्रस्तावित प्रारंभिक परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को रखी गई है।
इसके बाद कर एवं राजस्व निरीक्षक की मुख्य परीक्षा 16 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता, राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 (गृह विज्ञान) 30 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
पशुपालन विभाग की पशु चिकित्साधिकारी मुख्य परीक्षा 28 फरवरी 2027 को प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि एवं ऊर्जा विभाग आदि से संबंधित कनिष्ठ अभियंता मुख्य परीक्षा 20 अप्रैल से 25 अप्रैल 2027 तक प्रस्तावित है।
कैलेंडर के अनुसार सहायक अभियंता (सिविल/यांत्रिक/विद्युत/कृषि/आईटी) मुख्य परीक्षा 8 मई से 14 मई 2027 तक प्रस्तावित की गई है। वहीं उत्तराखंड सचिवालय एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 23 मई 2027 को प्रस्तावित है।
इसके बाद सचिवालय प्रशासन विभाग की समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 6 जून 2027 को प्रस्तावित की गई है।

आयोग ने बताई महत्वपूर्ण बात
UKPSC ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। प्रशासनिक अथवा अन्य आवश्यक परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित अंतिम एवं आधिकारिक जानकारी के लिए आयोग की ओर से जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


