देहरादून: पुलिस मुठभेड़ में हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार , युवक की गोली मारकर की थी हत्या
Dehradun News- देहरादून के तिब्बती मार्केट के बाहर हुई गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर के लाडपुर जंगल और लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई इन मुठभेड़ों में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने खुद अस्पताल पहुंचकर आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की और कार्रवाई का जायजा लिया।
लाडपुर और लालतप्पड़ में हुई पुलिस से मुठभेड़
पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां पुलिस की घेराबंदी के दौरान एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। वहीं, दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ चौकी के पास हुई। यहां चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध ने भागने की कोशिश की और एक खंडहर फैक्ट्री में छिपकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों बदमाशों के पास से दो देसी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई नीली स्कूटी बरामद कर ली गई है।
सगे भाइयों ने ली थी 15 लाख की सुपारी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं और पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के रहने वाले हैं। इनकी पहचान पंकज राणा और राजू राणा के रूप में हुई है। राजू राणा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर 1997 में क्लेमेनटाउन थाने में भी हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अर्जुन शर्मा की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी (डील) दी गई थी। हालांकि, सुपारी किसने दी और हत्या का मुख्य मास्टरमाइंड कौन है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस दोबारा पूछताछ की तैयारी कर रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


