चंपावत: गुलदार से भिड़कर बचाई दो जिंदगियां, राजेंद्र सिंह धामी के साहस को सलाम—डीएम ने किया सम्मानित
गुलदार के हमले के बीच दिखाई बहादुरी, घायलों को अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर आठवीं मील के समीप 25 सितंबर 2023 को घटी एक साहसिक घटना के लिए ग्राम ज्ञानखेड़ा, टनकपुर निवासी राजेंद्र सिंह धामी को जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने संकट की घड़ी में असाधारण साहस और मानवता का परिचय देते हुए दो लोगों की जान बचाई।
घटना के अनुसार ग्राम जौलपुर धाम निवासी पूरन तिवारी और पान सिंह दोपहिया वाहन से टनकपुर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक एक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों सड़क पर गिर पड़े और गुलदार पूरन तिवारी को पकड़कर झाड़ियों की ओर घसीटने लगा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे राजेंद्र सिंह धामी ने बिना समय गंवाए अपने वाहन को रोका और जान की परवाह किए बिना गुलदार का सामना किया। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए उसे खदेड़ दिया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने अपने निजी वाहन से उन्हें उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच सकी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस वीरतापूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राजेंद्र सिंह धामी का साहस समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीएम ने कहा कि आपदा या संकट की घड़ी में निस्वार्थ भाव से मदद करना ही सच्ची मानवता की पहचान है। उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे साहस, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ समाज में योगदान दें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


