हल्द्वानी: गौला बैराज में कूदे बुजुर्ग का सकुशल रेस्क्यू, जल पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी अनहोनी
सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम, स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाई जान
हल्द्वानी। थाना काठगोदाम क्षेत्र अंतर्गत गौला बैराज में शनिवार को एक बुजुर्ग द्वारा अचानक पानी में कूदने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते बुजुर्ग का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को हे0का0 जल पुलिस प्रताप गड़िया को कॉलर दीपक भण्डारी द्वारा सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौला बैराज में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी और सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी थीं।
रेस्क्यू के बाद पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय (लगभग 80 वर्ष) पुत्र नरोत्तम उपाध्याय, निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया। पुलिस ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनके परिजनों को मोबाइल के माध्यम से घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय (45 वर्ष) एवं ममता उपाध्याय (37 वर्ष) मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से ग्रसित हैं और उनका उपचार भी चल रहा है, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया।
पुलिस टीम ने बुजुर्ग की स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक रूप से संभाला और परिजनों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी। इसके बाद बुजुर्ग को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम में जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की इस मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


