Rishikesh News: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया
होटल में बिना सत्यापन ठहराने और घटना के दौरान सीसीटीवी बंद रखने का मामला सामने आया; लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
ऋषिकेश। पुराने रेलवे स्टेशन के पास चेला चेतराम मार्ग स्थित एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में होटल में बिना उचित पहचान और सत्यापन के नाबालिग को ठहराने, रजिस्टर में आवश्यक प्रविष्टि नहीं करने और घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को मामला सामने आने के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर मुख्य आरोपी के साथ होटल मैनेजर और संचालक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों को सह आरोपी बनाया गया।
हरिद्वार में पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी
जांच में मुख्य आरोपी की पहचान सोफियान (21) निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि 31 अगस्त को सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी को हरिद्वार स्थित सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया गया।
होटल की व्यवस्थाओं में मिलीं गंभीर खामियां
पुलिस के मुताबिक विवेचना में सामने आया कि घटना के समय होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे। नाबालिग को आवश्यक पहचान और सत्यापन के बिना होटल में ठहरने दिया गया तथा रजिस्टर में भी जरूरी जानकारी दर्ज नहीं की गई।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता (34) और संचालक राहुल अग्रवाल (36) को सह अभियुक्त बनाते हुए गिरफ्तार किया है।
मोबाइल जांच में मिले डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच के दौरान मोबाइल में घटना से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर डेटा की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
होटल के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी
होटल प्रबंधन की कथित लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने सराय एक्ट के तहत होटल का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति के लिए एसडीएम ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी है।
पुलिस ने होटल संचालकों को बिना पहचान और सत्यापन के कमरा उपलब्ध नहीं कराने की सख्त चेतावनी दी है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और सोशल मीडिया इस्तेमाल पर नजर रखने की अपील की गई है।
पुलिस मामले की विवेचना जारी रखते हुए घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


