देहरादून: मॉर्निंग वॉक के दौरान फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत, 4 गिरफ्तार; पुलिस बोली—सब पर होगी सख्त कार्रवाई
बदले की आग में रोडरेज बना जानलेवा, बेगुनाह की गई जान
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सुबह 6:50 बजे मिली थी फायरिंग की सूचना
एसएसपी ने बताया कि सोमवार (30 मार्च) सुबह 6:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर सूचना मिली थी कि थाना राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास दो गाड़ियों के बीच रोडरेज और फायरिंग हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इस दौरान फायरिंग की चपेट में आए रिटायर्ड ब्रिगेडियर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्लब में विवाद के बाद रची गई थी साजिश
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी दो गाड़ियों में सवार युवकों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने जब फॉर्च्यूनर सवार लोगों से पूछताछ की, तो उनके बयान संदिग्ध लगे। इसके बाद कोठाल गेट स्थित जेनजी क्लब की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई।
सीसीटीवी में खुलासा हुआ कि घटना से एक रात पहले क्लब में बिल के ज्यादा पैसों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सुबह तक इंतजार किया और क्लब बंद होने के बाद लौट रहे लोगों को निशाना बनाया, जिससे रोडरेज के दौरान फायरिंग की घटना हुई।
दोनों पक्षों के लोग आरोपी, क्लब सील
एसएसपी डोबाल ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों को दोषी माना गया है। पुलिस ने जेनजी क्लब के मालिक संदीप समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे पक्ष से आदित्य चौधरी को भी हिरासत में लिया गया है। उसके तीन साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और जेनजी क्लब को सील कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


