Ladakh : आर्मी का वाहन खाई में गिरने से सेना के 9 जवान शहीद , पीएम मोदी और रक्षामंत्री ने जताया शोक

Ladakh Accident News:
लद्दाख से बड़े हादसे की दुखद खबर सामने आई है क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं। एक अन्य घायल है। वाहन के खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। वीरगति को प्राप्त करने वालों में एक जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) और बाकी 8 जवान हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के क्यारी के पास हुई।
लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी डी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन शाम 4.45 बजे खाई में गिर गया। एसएसपी नित्या ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया जहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में एक और जवान की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है और उसकी हालत ”गंभीर” बताई गई है।
प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा, लेह के पास हुई दुर्घटना से दुख हुआ जिसमें हमने भारतीय सेना के जवानों को खो दिया है। राष्ट्र के प्रति उनकी बहुमूल्य सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। पीएम मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही हादसे में घायल हुए जवानों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह हादसे पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा , लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें